मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी फार्म में शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में अचानक फॉल्ट होने से निकली चिंगारियों की चपेट में आकर 9 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, जैदी फार्म निवासी आसिफ का बेटा अब्बुजर घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन में तेज आवाज के साथ फॉल्ट हो गया। लाइन से निकली चिंगारियां बच्चे पर आ गिरीं, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें लोगों के लिए खतरा बनी हुई हैं।