मुजफ्फरनगर। विद्युत विभाग ने बकाया बिल न चुकाने वाले उपभोक्ताओं और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ शनिवार को शेरनगर क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की। विशेष जांच अभियान के दौरान विभागीय टीम ने 40 बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन विच्छेदित कर दिए, जबकि मौके पर ही लाखों रुपये की बकाया धनराशि जमा कराई गई। कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बकायेदारों में भी हलचल देखी गई।विभागीय अधिकारियों के निर्देशन में उपखंड स्तरीय टीम ने गांव में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया, जिन पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया था। जांच में सामने आया कि कई उपभोक्ता बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद भुगतान नहीं कर रहे थे। ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान करीब 50 उपभोक्ताओं ने विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए मौके पर ही अपना बकाया जमा कराया, जिससे विभाग को लगभग साढ़े चार लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। अधिकारियों ने बताया कि बकाया वसूली और लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।चेकिंग के दौरान कई मीटर तकनीकी रूप से खराब पाए गए, जिन्हें तत्काल बदल दिया गया। वहीं एक उपभोक्ता बिजली मीटर में अवैध छेड़छाड़ कर बिजली का उपयोग करता मिला। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया।विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ईमानदारी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए बकायेदारों और बिजली चोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group