मुजफ्फरनगर। कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय लोगों की नजरें एक अनोखे प्रदर्शन पर टिक गईं, जब खुद को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का सदस्य बताने वाले पांच युवक जिला मुख्यालय पहुंच गए। युवाओं ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवाज बुलंद की।प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग भी की। कुछ देर तक चले प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा।ज्ञापन में पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोग भी इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को उत्सुकता से देखते रहे।कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।