फिरोजाबाद। लखनऊ से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर शाम अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा पथराव किए जाने से रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। घटना मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के बीच पैमेश्वर गेट के समीप हुई। संयोगवश इसी ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत भी यात्रा कर रहे थे।जानकारी के अनुसार कानपुर में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मोहन भागवत शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रहे थे। पथराव के दौरान ट्रेन के एक कोच का बाहरी शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। संघ प्रमुख भी पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। ट्रेन के टुंडला स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ निरीक्षक अवधेश गोस्वामी के नेतृत्व में टीम ने संबंधित कोच का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि पत्थर लगने से केवल बाहरी शीशे को नुकसान पहुंचा है, जबकि अंदर मौजूद यात्रियों को कोई चोट नहीं पहुंची।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य खुफिया एजेंसियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि पथराव करने वाले लोग कौन थे और घटना के पीछे उनका उद्देश्य क्या था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि घटना की जांच के लिए सात पुलिस टीमों का गठन किया गया है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group