शामली। कैराना क्षेत्र के गांव मन्नामाजरा के निकट खेत पर हुए विवाद के दौरान पूर्व राज्यमंत्री रियासत राणा के पुत्र बिलाल राणा गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार बिलाल राणा अपने भांजे सेम के साथ नेशनल हाईवे-709 एडी के पास स्थित खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान पुराने जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई और हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली बिलाल राणा के बाएं पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।घायल पक्ष का आरोप है कि करीब आधा दर्जन लोगों ने जमीनी विवाद के चलते सुनियोजित हमला किया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।