बलौदाबाजार। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घर के पीछे स्थित बाड़ी में 28 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतका के देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पुष्पा ध्रुव (28 वर्ष) निवासी सिविल लाइन, बलौदाबाजार के रूप में हुई है। गुरुवार को परिजनों और आसपास के लोगों ने घर के पीछे बाड़ी में उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले पुष्पा ध्रुव और उसके देवर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस को संदेह है कि विवाद के दौरान महिला को छत से नीचे गिराया गया और बाद में उस पर भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। जांच टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस हत्याकांड से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।