बागपत। जनपद में सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। हालिया घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बढ़ा दी है और आपत्तिजनक तथा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही पोस्ट, वीडियो और टिप्पणियों की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम विभिन्न प्लेटफॉर्म पर साझा की जा रही संदिग्ध सामग्री का विश्लेषण कर रही है और ऐसे लोगों का डाटा एकत्र किया जा रहा है, जो शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने या अफवाह फैलाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन के किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा उकसावे वाली सामग्री साझा करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।प्रशासन ने आमजन से भी अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी संदिग्ध पोस्ट की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया है। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग से ही जिले में शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखा जा सकता है।