मेरठ। मोबाइल लूट और चोरी की वारदातों में सक्रिय एक संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेरठ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 35 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और अन्य सामान बरामद हुआ है। बरामद माल की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वाट टीम नगर और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान शाहवेज नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन में 11 आईफोन भी शामिल हैं। इसके अलावा एक एचपी लैपटॉप और एक बैग भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पांच सदस्यीय गिरोह का हिस्सा है। गिरोह में शाहरुख, नदीम, शहनवाज और मुन्ना नामक युवक भी शामिल हैं। यह गिरोह मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों में मोबाइल चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। विशेष रूप से रोडवेज बसों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाया जाता था।पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए मोबाइलों को शहनवाज की एसआर कम्यूनिकेशन नामक दुकान पर पहुंचाया जाता था। वहां विशेष सॉफ्टवेयर और लैपटॉप की मदद से मोबाइलों का लॉक खोलकर उनकी पहचान मिटाई जाती थी। इसके बाद मोबाइलों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था और प्राप्त रकम गिरोह के सदस्यों में बांट ली जाती थी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों का पता लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से मोबाइल चोरी और लूट की कई अनसुलझी वारदातों का खुलासा हो सकता है। जांच एजेंसियां अब चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group