मुजफ्फरनगर। जानसठ क्षेत्र की एक महिला ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने तथा आपत्तिजनक वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने विवाह का आश्वासन देकर उससे संबंध बनाए और लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा। महिला का कहना है कि आरोपी लगातार उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता था तथा अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करने के लिए मजबूर करता था।पीड़िता के अनुसार आरोपी के पास उसकी कुछ आपत्तिजनक वीडियो हैं, जिन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हाल ही में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए।महिला ने बताया कि उसने पूर्व में भी स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी किसी भी समय वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर सकता है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंच सकती है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।