मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र के गांदला गांव में लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और गांव को जलभराव की समस्या से जल्द निजात दिलाने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि गांव का प्रमुख मार्ग वर्षों से जलभराव की चपेट में है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इसी मार्ग से होकर विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राएं, स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाले मरीज तथा मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालु गुजरते हैं। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जल निकासी की व्यवस्था बाधित होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। बरसात और जलभराव के चलते सड़कें दलदल में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है।हिंदूवादी नेता सुमित बजरंगी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो गांववासी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उपेक्षित इस समस्या को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि समस्या के समाधान के लिए प्रशासन स्तर पर जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।ग्रामीणों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त कराने तथा समस्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव में वर्षों से बने हालात को लेकर लोगों में गहरा रोष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group