मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र के लकड़संघा गांव में करंट लगने से एक मोर की मौत हो गई। राष्ट्रीय पक्षी की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।ग्रामीणों के अनुसार मोर सुबह खेतों की ओर से उड़ता हुआ रेलवे लाइन के पास पहुंचा। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को सूचना दी।सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शव का परीक्षण और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मोर को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। ग्रामीणों ने फूल अर्पित किए और राष्ट्रीय पक्षी होने के कारण तिरंगे में लपेटकर उसका अंतिम संस्कार किया।अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग भी की। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपायों पर विचार किया जाएगा।मोर की मौत से गांव के लोगों में दुख का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खुले बिजली तार वन्य जीवों के लिए खतरा बने हुए हैं और संबंधित विभागों को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।