कानपुर देहात। मंगलपुर क्षेत्र में एक महिला अपनी शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर महिला को देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।महिला का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसके पति के साथ मारपीट की थी और उसके साथ अभद्रता करते हुए गंभीर अपराध का प्रयास किया। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं होने से वह परेशान थी। इसी के विरोध में उसने टावर पर चढ़कर प्रदर्शन किया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने काफी देर तक महिला से बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। कई घंटों की मेहनत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।महिला के पति ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई, उसका मंगलसूत्र छीन लिया गया और कपड़े फाड़ दिए गए। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पत्नी को जबरन ले जाने का प्रयास भी किया था।वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक कार्रवाई की गई थी और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद की स्थिति रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।