मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव बरवाला के जंगल में शनिवार सुबह हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर एक युवक का शव लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। देर शाम मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी दीपक के रूप में हुई।ग्रामीणों के अनुसार सुबह खेतों की ओर जा रहे किसानों ने गन्ने के खेतों के बीच खड़े करीब 40 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर एक युवक का शव रस्सी से लटका देखा। यह खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर हरसौली चौकी पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची।काफी प्रयास के बाद शव को टावर से नीचे उतारा गया। युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। शुरुआती जांच में उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला था, जिसके कारण पहचान में समय लगा। बाद में उसकी पहचान दीपक निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन युवक का इतनी ऊंचाई पर टावर तक पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है। इसलिए मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group