बांदा। जिले के बदौंसा थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने अपनी ही बेटी की चाकू मारकर हत्या कर दी। थाने के भीतर हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले अतर्रा सीएचसी और बाद में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार बदौंसा थाना क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी निवासी सत्यकुमार चौहान (55) की पुत्री शिवानी चौहान (19) का गांव के ही रहने वाले ललित वर्मा (20) से पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जातियों से संबंध रखते थे। परिवार के विरोध के बावजूद शिवानी और ललित ने 18 मई को घर छोड़कर विवाह कर लिया था। इसके बाद युवती की मां रन्नो देवी ने ललित के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार को सूचना मिलने पर बदौंसा पुलिस ने मध्य प्रदेश के सतना जिले के बरौंधा घाटी क्षेत्र से दोनों को बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए थाने लाया गया, जहां दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद थे।बताया जाता है कि थाने में काउंसलिंग के दौरान सत्यकुमार चौहान ने बेटी को समझाने का प्रयास किया और विवाह खत्म कर घर लौटने के लिए कहा। हालांकि शिवानी ने साफ शब्दों में अपने पति ललित वर्मा के साथ रहने की बात दोहरा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बेटी की बात सुनकर सत्यकुमार अचानक गुस्से में आ गया और जेब से चाकू निकालकर शिवानी पर कई वार कर दिए।घटना होते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आरोपी को दबोच लिया और उसके कब्जे से खून से सना चाकू बरामद कर लिया। वहीं शिवानी को गंभीर हालत में अतर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उसे बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि आरोपी सत्यकुमार चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका की मां रन्नो देवी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group