बुढ़ाना। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के बिराल गांव के निकट हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने पीछे से इनोवा कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विनय कुमार शर्मा (45) निवासी नंदग्राम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। बताया गया है कि विनय शर्मा अपने साथियों गंभीर सिंह, आदेश त्यागी और अवनीश के साथ किसी कार्य से देहरादून जा रहे थे। रात करीब 11 बजे उनकी इनोवा कार बिराल गांव के समीप पहुंची ही थी कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर बुढ़ाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह पिचक जाने के कारण उसमें फंसे घायलों को निकालना आसान नहीं था। पुलिस ने गैस कटर की सहायता से वाहन को काटकर घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।घायलों में गंभीर सिंह की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं आदेश त्यागी और अवनीश का भी उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों का रिकॉर्ड भी जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।