नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस की तत्परता ने एक युवक की जिंदगी बचाकर बड़ी अनहोनी टाल दी। प्रेमिका द्वारा विवाह प्रस्ताव ठुकराए जाने से मानसिक तनाव में आए एक युवक ने नशीली गोलियां खाकर आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। युवक द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई चिंताजनक पोस्ट के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।जानकारी के अनुसार, जेवर क्षेत्र के रहने वाले 24 वर्षीय युवक ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ऐसा संदेश पोस्ट किया, जिससे उसके आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई गई। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से इसकी सूचना नोएडा पुलिस तक पहुंची। अलर्ट मिलते ही पुलिस की तकनीकी टीम सक्रिय हुई और युवक की लोकेशन का पता लगाकर संबंधित थाना पुलिस को मौके पर रवाना किया गया।पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में युवक के घर पहुंच गई। रात के समय पुलिस ने युवक के पिता को जगाकर पूरे मामले की जानकारी दी। जब परिजन पुलिस के साथ युवक के कमरे में पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में बिस्तर पर पड़ा मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए युवक को अपनी सरकारी गाड़ी से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।डॉक्टरों की निगरानी में युवक की हालत में सुधार हुआ और कुछ समय बाद वह खतरे से बाहर आ गया। होश में आने पर पुलिस और काउंसलिंग टीम ने उससे बातचीत की। युवक ने बताया कि प्रेमिका द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में चला गया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।काउंसलिंग के दौरान युवक को जीवन के महत्व और समस्याओं का सकारात्मक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया गया। युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन भी दिया।