बुढ़ाना। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरथल में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर तीन सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार गांव कुरथल निवासी 27 वर्षीय अंकित उर्फ भूरा पुत्र स्वर्गीय सतीश दोपहर घर पर मौजूद था। आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद गांव के बाहर दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और अंकित पर लोहे की रॉड व अन्य भारी वस्तुओं से हमला कर दिया गया।हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत बिगड़ने पर आसपास मौजूद लोग उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गए।घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही ब्रह्मसिंह, अरुण और अजय के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।