मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना खतौली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को करीब 26 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों, वांछित अभियुक्तों और नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना खतौली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहल्ला देवीदास निवासी गौरव उर्फ गौरा पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 25 किलो 980 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद माल को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गौरव उर्फ गौरा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, अवैध शराब, मारपीट, धमकी, जुआ, अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी काफी समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी।पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group