मुजफ्फरनगर। जौली गंगनहर पुल पर देर रात एक युवक के गंगनहर में कूद जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया गया है कि युवक ने यह कदम उठाने से पहले अपने एक मित्र को फोन कर अपनी मानसिक स्थिति के बारे में बताया था। सूचना मिलने पर मित्र मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक युवक नहर के तेज बहाव में लापता हो चुका था। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कमहेड़ा निवासी 27 वर्षीय खुशनसीब पुत्र इस्माइल वेल्डिंग का काम करता था और रोजगार के सिलसिले में पानीपत में रहता था। शुक्रवार को वह अपनी बहन और नवजात भांजे का हालचाल जानने के लिए मुजफ्फरनगर आया था। रात में बाइक से वापस गांव लौटते समय वह जौली गंगनहर पुल पर रुक गया।बताया जाता है कि पुल पर पहुंचने के बाद उसने अपने गांव के एक परिचित युवक को फोन किया। बातचीत के दौरान उसने खुद को परेशान बताते हुए जीवन समाप्त करने जैसी बात कही। यह सुनकर उसका मित्र तुरंत मौके की ओर रवाना हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब तक वह वहां पहुंचा, खुशनसीब पुल के किनारे पहुंच चुका था और कुछ ही क्षणों बाद उसने गंगनहर में छलांग लगा दी।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव का प्रयास किया, लेकिन नहर का बहाव तेज होने के कारण युवक देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।परिजनों ने बताया कि युवक पिछले कुछ समय से घरेलू परेशानियों से जूझ रहा था। उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी और वह अपने मायके में रह रही थी। परिवार के लोगों का मानना है कि इसी तनाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।शनिवार को पूरे दिन पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने गंगनहर में कई स्थानों पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस का कहना है कि खोज अभियान जारी रहेगा और आसपास के थानों को भी आवश्यक सूचना दे दी गई है।घटना के बाद गांव कमहेड़ा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि पुलिस नहर के किनारे लगातार निगरानी बनाए हुए है।