मुजफ्फरनगर, 15 जून 26। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रुड़की रोड स्थित भाजपा नेता जगदीश पांचाल के कैंप कार्यालय पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त की और पंजीकरण कराया।शिविर में अधिकारियों ने बताया कि 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के न्यूनतम आठवीं पास युवक-युवतियां इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के तहत पात्र युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए बिना गारंटी पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। अधिकारियों ने उपस्थित युवाओं को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता की शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों तथा ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी दी।शिविर में पहुंचे युवाओं ने स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की। कई युवाओं ने अपने व्यवसाय शुरू करने को लेकर रुचि दिखाई और मौके पर ही पंजीकरण कराया। कार्यक्रम के दौरान कुल 110 युवाओं का पंजीकरण किया गया।शिविर के आयोजक भाजपा नेता जगदीश पांचाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि सही मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग प्राप्त करे तो वह सफल उद्यमी बन सकता है। सरकार की योजनाएं युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बन रही हैं। उन्होंने युवाओं से आगे आकर स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।शिविर में मौजूद अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पात्र अभ्यर्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में योजना को लेकर उत्साह देखने को मिला।