मुजफ्फरनगर, 15 जून 26। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सोमवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन केंद्र और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने टेलीमेडिसिन केंद्र पर आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से बेहतर परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। वहीं एनआरसी में भर्ती कुपोषित बच्चों के उपचार, पोषण प्रबंधन और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा कर व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाकर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।निरीक्षण के बाद डॉ. सुनील तेवतिया ने अपने कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने प्राप्त शिकायतों के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है।