मुजफ्फरनगर। वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात एक इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह एक आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।पुलिस के अनुसार सोमवार रात खतौली-शाहपुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे स्थित गन्ने के खेत में घुस गया।बताया गया कि खेत में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार फायरिंग करता रहा। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान तैय्यब उर्फ छोटू पुत्र साबुद्दीन निवासी न्यू सीलमपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार तैय्यब उर्फ छोटू वाहन चोरी करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है और दिल्ली-एनसीआर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर और दिल्ली के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, बलवा और जानलेवा हमले सहित 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही है।पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।