मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार देर रात हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की स्कूटी, दो तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक चोरी की स्कूटी पर सवार होकर सिसौना मार्ग की ओर घूम रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने सिसौना पुलिया के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी।चेकिंग के दौरान एक स्कूटी पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों स्कूटी मोड़कर रजवाहे की पटरी की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आगे जाकर मोड़ पर उनकी स्कूटी फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गए।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खेत में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वकील पुत्र असलम निवासी अजराड़ा थाना मुंडाली, जनपद मेरठ तथा परवेज पुत्र फकीरा निवासी नहाली थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से थाना नई मंडी क्षेत्र से चोरी की गई स्कूटी, दो अवैध तमंचे 315 बोर, कारतूस तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार परवेज के खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट सहित 24 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वकील के विरुद्ध भी करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय बताए जा रहे हैं।मुठभेड़ की सूचना पर फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।