मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे के सद्दीकनगर क्षेत्र से एक किशोर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। चार दिन बीत जाने के बाद भी किशोर का कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिवार ने पुलिस से बेटे को सकुशल तलाशने की गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार सद्दीकनगर (आलू मील क्षेत्र) निवासी अजहद पुत्र हाफिज वकील शुक्रवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। पहले परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों, मित्रों तथा संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।कई दिनों तक तलाश के बावजूद किशोर का सुराग नहीं मिलने पर परिजन खतौली कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों का कहना है कि अजहद के अचानक लापता होने से परिवार बेहद परेशान है। घर के सभी सदस्य उसकी सलामती को लेकर चिंतित हैं और लगातार उसके लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। किशोर की संभावित लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द से जल्द किशोर को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को अजहद के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अथवा परिवार को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group