मुजफ्फरनगर। थाना क्षेत्र में कोर्ट की तारीख पर जा रहे दो ग्रामीणों पर हमला कर नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने सात लोगों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और 15 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।गादला निवासी साजिद पुत्र कदीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कदीर पुत्र सकूर के साथ एक मुकदमे की सुनवाई के लिए न्यायालय जा रहे थे। आरोप है कि वाजिदपुर कव्वाली-नईपुरा मार्ग पर जंगल के पास पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने तमंचे और धारदार हथियार दिखाकर दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी जेब में रखे करीब 15 हजार रुपये भी छीन लिए गए। विरोध करने पर आरोपियों ने गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।साजिद ने तहरीर में एक आरोपी की पहचान सोनू के रूप में की है, जबकि अन्य छह लोगों को अज्ञात बताया है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी पारिवारिक या भाइयों के बीच चल रहे पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिर भी सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।