मुजफ्फरनगर। पौराणिक तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में आगामी 28 जून को संत शिरोमणि स्वामी भिक्षुकदास महाराज की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर सतगुरु स्वामी समनदास आश्रम में विशाल सत्संग, भंडारा, भव्य शोभायात्रा तथा धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।सोमवार को क्षेत्राधिकारी जानसठ लक्ष्मण वर्मा ने भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार एवं पुलिस टीम के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान आश्रम के प्रबंधक महात्मा गोरधन दास महाराज और सेवक संदीप दास ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, समाधि परिसर, सत्संग पंडाल, शोभायात्रा मार्ग तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।बताया गया कि स्वामी भिक्षुकदास महाराज की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं के प्रवचन, भजन-कीर्तन, धार्मिक सत्संग और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे। इसी को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा संभावित डायवर्जन प्वाइंट्स का जायजा लिया। भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई गई है। कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जांच की गई, ताकि पूरे आयोजन पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।गंगा तट पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही फ्लड स्क्वाड, स्थानीय गोताखोरों तथा पीएसी के प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती की योजना तैयार की गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण वर्मा ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी असामाजिक तत्व पर कड़ी नजर रखी जाए तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंधन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।आश्रम प्रबंधन और प्रशासन के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी, ताकि धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और शांति के वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group