मुजफ्फरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 20 जून को बुढ़ाना तहसील परिसर में जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा विपणन विकास सहायता (एमडीए) योजना के अंतर्गत किया जा रहा है।जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के लिए जनपद की सभी तहसीलों में तहसील दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुढ़ाना तहसील में यह शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा उद्यम स्थापित करने के इच्छुक लोगों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों, वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण संबंधी सुविधाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।यह कार्यक्रम 20 जून को सुबह 11:30 बजे बुढ़ाना तहसील परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम जिलाधिकारी की अध्यक्षता अथवा उनके द्वारा नामित अधिकारी के निर्देशन में संपन्न कराया जाएगा। विभागीय अधिकारियों द्वारा लोगों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ उनके प्रश्नों का समाधान भी किया जाएगा।खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की है। विभाग का मानना है कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group