मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के रामपुर तिराहे पर मोमोज की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बन गया है। ग्राहकों और दुकानदार के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को भी पूरे मामले की रिपोर्ट भेजी गई है, जिसके बाद खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच की तैयारी की जा रही है।जानकारी के अनुसार तितावी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी देशराज निवासी प्रवीण कुमार रामपुर तिराहे पर ‘बॉम्बे कन्फेक्शनरी एंड फास्ट फूड’ नाम से दुकान चलाते हैं। प्रवीण कुमार का आरोप है कि 14 जून की शाम कुछ युवक उनकी दुकान से मोमोज खरीदकर ले गए थे। देर रात करीब नौ बजे वही युवक दोबारा दुकान पर पहुंचे और मोमोज खराब होने की बात कहकर विवाद करने लगे। दुकानदार का आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक युवक ने उसका गला दबाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया।दूसरी ओर, मामले में दूसरा पक्ष मोमोज की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहा है। पुलिस के अनुसार यूपी-112 पर सूचना मिली थी कि रामपुर तिराहे की एक दुकान पर बेचे जा रहे मोमोज से बदबू आ रही है। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसी दौरान मोमोज की गुणवत्ता को लेकर विवाद सामने आया।घटना के बाद सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और बहस होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है और पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।छपार थाना प्रभारी मोहित सहरावत ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना की जांच उप निरीक्षक राजकुमार को सौंपी गई है।वहीं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को भी रिपोर्ट भेजी है। फूड इंस्पेक्टर वैभव को मामले से अवगत कराया गया है। खाद्य विभाग जल्द ही रामपुर तिराहे क्षेत्र की फास्ट फूड दुकानों और ढाबों पर जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने ले सकता है। जांच में यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी या मानकों का उल्लंघन मिलता है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। एक पक्ष खुद को पीड़ित बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहा है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group