मुजफ्फरनगर। जिले में साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामले में ककरौली थाना क्षेत्र के एक शिक्षक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने करीब 1.88 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच में साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।जानकारी के अनुसार ककरौली थाना क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी शिक्षक बृजेश कुमार बड़ोदिया का बैंक खाता भेड़ाहेड़ी स्थित यूनियन बैंक शाखा में है। शिक्षक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके खाते से बिना अनुमति के दो अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से कुल 1 लाख 88 हजार रुपये निकाल लिए गए।पीड़ित के मुताबिक छह जून को उनके खाते से यूपीआई के जरिए 90 हजार रुपये की रकम ट्रांसफर हुई। इसके दो दिन बाद आठ जून की सुबह फिर 98 हजार रुपये खाते से निकल गए। दोनों लेनदेन उनकी जानकारी और अनुमति के बिना किए गए। खाते की जांच करने पर उन्हें ठगी का पता चला। उन्होंने यह भी बताया कि ठगों ने एक और ट्रांजेक्शन करने का प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।धोखाधड़ी की जानकारी मिलने के बाद शिक्षक ने तुरंत बैंक अधिकारियों से संपर्क किया और खाते की जानकारी जुटाई। इसके बाद उन्होंने ककरौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही साइबर सेल की मदद से लेनदेन की पूरी श्रृंखला को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group