मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। नई मंडी क्षेत्र में बागोवाली चौकी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नसीरपुर निवासी पंकज पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए और गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने जल्द ही व्यवस्था सामान्य करा दी।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गांव में भी शोक का माहौल है।पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हादसे के जिम्मेदार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।