मुजफ्फरनगर, 17 जून 26। केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड) स्थित मानेकशॉ सभागार में विकास चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।चार दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों को चित्रों और छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन के बाद मंत्री ने नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग और अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रही हैं और उनका लाभ करोड़ों लोगों को मिल रहा है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, मुद्रा योजना, स्वनिधि योजना, विश्वकर्मा योजना तथा अन्य प्रमुख योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है। इसके अलावा प्रदेश सरकार की कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, अभ्युदय योजना, कृषक दुर्घटना सहायता योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है।प्रदर्शनी में प्रदेश में विकसित सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेस-वे, हवाई अड्डों और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है। मंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शनी नागरिकों को विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम बनेगी।उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम से पूर्व अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह और जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राजीव चौहान ने मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने प्रदर्शनी में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। प्रदर्शनी 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group