मुजफ्फरनगर, 17 जून26 । शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित होने वाले किसान दिवस का आयोजन बुधवार को जिला पंचायत सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने की। किसान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में किसानों को पिछली किसान दिवस बैठक में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी किसानों को उपलब्ध कराई गई।किसान दिवस के दौरान ग्राम आदमपुर मौचड़ी के योगेश प्रधान ने सहकारी समिति पर किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध न कराए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं जानसठ क्षेत्र के ग्राम जंधेड़ी निवासी मनोज कुमार सैनी ने बताया कि काटका माइनर से उनके गांव तक पिछले पांच वर्षों से सिंचाई के लिए नहर का पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इसके अलावा चरथावल क्षेत्र के ग्राम मुथरा निवासी सुदेश पाल तथा धुमन सिंह ने चकबंदी विभाग से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। किसानों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी अन्य समस्याओं और लंबित मामलों के समाधान की भी मांग की।अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा निस्तारण आख्या की साफ्ट कॉपी जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड करने और हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें।उन्होंने आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। अंत में किसानों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group