बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार गोसाई गोटिया स्थित संजयनगर मोहल्ला निवासी अर्जुन मौर्य (21) पुत्र राकेश मौर्य सोमवार रात अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि वह घर पहुंचने से पहले रास्ते में कुछ युवकों के संपर्क में आए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक युवक ने अर्जुन पर नजदीक से गोली चला दी। गोली लगते ही अर्जुन सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्रारंभिक जांच में पुलिस को पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पक्ष और मृतक के परिवार के बीच पहले भी तनाव की स्थिति रही थी। पुलिस इसी दिशा में जांच आगे बढ़ा रही है, हालांकि अन्य पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।मृतक अर्जुन मौर्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे और एक संगठन से भी जुड़े हुए थे। वह अपने परिवार के साथ रहकर निजी कार्य करते थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग परिवार के घर पहुंच गए और शोक संवेदना व्यक्त की।घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कुश तथा उसके साथियों अर्पित मौर्य और कपिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों को भी लगाया गया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।युवक की हत्या की घटना से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group