बदायूं। उझानी क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बरेली-मथुरा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा में सवार छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।जानकारी के अनुसार एक परिवार में शादी का कार्यक्रम था। दूल्हे के घर की महिलाएं पारंपरिक भात मांगने और शगुन की रस्म के लिए रिश्तेदारी में जा रही थीं। ई-रिक्शा में ढोलक और अन्य सामान भी रखा हुआ था। रास्ते में बरेली-मथुरा हाईवे पर उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे पर दो ट्रैक्टर तेज गति से चल रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार महिलाएं सड़क पर जा गिरीं।हादसे में राजकुमारी (50), उनकी बेटी नारायणी (30), रेवती (80), गंगाश्री (30), सरला (32) और प्रेमावती (32) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी महिलाएं शादी की तैयारियों में शामिल थीं और एक-दूसरे की रिश्तेदार बताई जा रही हैं। हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर उनके चालकों को हिरासत में ले लिया है।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। जिस परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश देखा गया।बाद में प्रभारी मंत्री भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।