मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र की जौली गंगनहर में कूदकर लापता हुए युवक का शव पांच दिन बाद सिखेड़ा क्षेत्र में मिलने से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। देर शाम गमगीन माहौल में युवक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।जानकारी के अनुसार ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कम्हेड़ा निवासी 27 वर्षीय खुशनसीब पुत्र इस्माइल हरियाणा के पानीपत में रहकर वेल्डिंग का काम करता था। बीती 12 जून को वह अपनी बहन से मिलने मुजफ्फरनगर आया था, जहां उसकी बहन ने हाल ही में पुत्र को जन्म दिया था। रात में वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था।बताया जाता है कि जौली गंगनहर पुल पर पहुंचने के बाद उसने अपने एक परिचित को फोन कर मानसिक परेशानी की बात कही। कुछ देर बाद उसने नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस, गोताखोरों और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।बुधवार को सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव काटका के पास नहर में एक शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान खुशनसीब के रूप में की।परिजनों का कहना है कि युवक पिछले काफी समय से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। उसकी पत्नी आसमीन से अनबन चल रही थी और वह मायके में रह रही थी। इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था।पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। गांव में शव पहुंचते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group