मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बहादरपुर गांव में देर रात मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। एक ही मोहल्ले के दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार बहादरपुर गांव निवासी भोलू कश्यप विवाद के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट में उसे कई चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही सिखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल दो लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है।थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के लोग शराब के नशे में थे। किसी छोटी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई। उन्होंने बताया कि घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है तथा हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।