मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को ग्राम जट मुझेड़ा में संचालित एक क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए उसे सील कर दिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर की गई कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की गई। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पाया कि क्लीनिक संचालक नितिन बिना किसी मान्यता प्राप्त चिकित्सीय योग्यता और आवश्यक दस्तावेजों के मरीजों का उपचार कर रहा था। टीम ने जब उससे चिकित्सकीय प्रैक्टिस से संबंधित प्रमाण-पत्र और अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा तो वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल प्रभाव से क्लीनिक को सील कर दिया। साथ ही संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अपंजीकृत क्लीनिक एवं अस्पतालों की नोडल अधिकारी डॉ. महक सिंह ने बताया कि जनपद में बिना अनुमति संचालित क्लीनिकों और अस्पतालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत और अधिकृत चिकित्सकों से ही संपर्क करें तथा किसी भी संदिग्ध क्लीनिक की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें।