मुजफ्फरनगर। थाना रतनपुरी पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम में वांछित चल रहे तीन महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को ग्राम नंगला से गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महादिक अक्षय संजय, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना तथा थाना रतनपुरी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को दबोचा।पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में साबिर उर्फ फतेह मोहम्मद निवासी ग्राम नंगला द्वारा अपने साथियों के साथ गिरोह बनाकर अवैध गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। मामले में थाना रतनपुरी में गौवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत भी मामला पंजीकृत किया गया।इसी प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपियों जुलेखा उर्फ मंजू, मुस्कान, नसरीन तथा गुलबहार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व से भी गौवध अधिनियम एवं गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र चौधरी, महिला उपनिरीक्षक भारती सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की जांच जारी है।