मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग स्थित पीन्ना बाईपास पुल के पास से दबोच लिया। सभी आरोपी उत्तरी रामपुरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश नहीं बल्कि आपसी कहासुनी और टशनबाजी मुख्य वजह रही। जांच में सामने आया कि घायल ओम पुंडीर और आरोपी एक-दूसरे के परिचित थे तथा अक्सर साथ उठते-बैठते थे। बताया गया कि रामपुर तिराहे पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्ष अलग-अलग वाहनों से वहां से निकल गए।कुछ देर बाद दीदाहेड़ी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। यहां कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोप है कि एक युवक ने पिस्टल निकालकर ओम पुंडीर पर गोली चला दी। गोली लगने से ओम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।राहगीरों की सूचना पर घायल ओम पुंडीर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने खून के नमूने लिए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए तकनीकी जांच शुरू की। जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार और उपनिरीक्षक आयुष्मान शर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर पीन्ना बाईपास पुल के पास घेराबंदी कर कनिष्क चौधरी और आयुष राणा को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया।प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।