बागपत। धनौरा सिल्वर नगर क्षेत्र से तीन बच्चों की मां के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने गांव में आने-जाने वाले एक साधु पर पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। महिला के लापता होने के बाद से परिवार परेशान है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।पीड़ित यशपाल के अनुसार उसकी पत्नी ममता 12 जून से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।यशपाल का आरोप है कि गांव में पिछले कुछ समय से एक साधु का आना-जाना था। उसे शक है कि वही साधु उसकी पत्नी ममता को अपने झांसे में लेकर साथ ले गया। परिजनों का कहना है कि महिला के लापता होने के बाद से वह साधु भी गांव में दिखाई नहीं दिया, जिससे उनका शक और गहरा गया है।पत्नी की तलाश में परेशान यशपाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर लोगों से मदद की अपील की है। वीडियो में वह भावुक होकर अपनी पत्नी को सकुशल वापस लाने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।घर में मां के नहीं होने से तीनों बच्चों की हालत खराब बताई जा रही है। परिवार का कहना है कि बच्चे लगातार अपनी मां को याद कर रहे हैं और परिवार गहरे तनाव में है।पुलिस ने यशपाल की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही महिला को बरामद कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group