मुजफ्फरनगर, 19 जून 26। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा पुनर्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद की तीन पीड़िताओं को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अंतर्गत प्रत्येक पीड़िता को 3-3 लाख रुपये, कुल 9 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।यह सहायता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में प्रदान की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित महिला सम्मान कोष शाखा ने इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सहायता राशि पॉक्सो अधिनियम से संबंधित तीन पीड़िताओं को दी गई है, ताकि उनके पुनर्वास, शिक्षा और जीवनयापन को मजबूती मिल सके। इस आर्थिक सहयोग से पीड़िताओं को आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक रूप से सशक्त होने में मदद मिलेगी।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पीड़िताओं और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हर संभव सहायता, सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराध से प्रभावित पीड़ितों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी पात्र पीड़ितों को ऐसी योजनाओं से अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ सामाजिक संबल भी मिल सके। जनपद पुलिस महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group