मुजफ्फरनगर, 19 जून 26। व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा संबंधी सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई।गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ और नगर मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौर ने की। बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारी, नगर क्षेत्र के थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक, अग्निशमन विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग तथा यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।बैठक के दौरान व्यापारियों से उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई। सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अपराध ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा नियमित गश्त और सघन चेकिंग की जा रही है, लेकिन व्यापारियों को भी अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, कैमरों की दिशा सही रखने और मुख्य बाजारों में सामूहिक रूप से अतिरिक्त कैमरे लगवाने की अपील की गई।इसके अलावा बाजारों में रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने, सामूहिक रूप से सुरक्षा गार्ड या चौकीदार नियुक्त करने तथा बड़ी मात्रा में नकदी के परिवहन से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने पर भी जोर दिया गया।गोष्ठी में साइबर अपराधों पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी और डिजिटल भुगतान से जुड़े साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी दी।