कैथल। हरियाणा के कैथल शहर के वार्ड नंबर 28 स्थित कुंज मोहल्ला में एक युवक की हरकतों से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय एक युवक को कुछ दिन पहले आवारा कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और व्यवहार भी बदल गया।मोहल्ले के लोगों के अनुसार 17 जून की रात युवक अचानक आक्रामक हो गया। वह गलियों में दौड़ते हुए कुत्ते जैसी आवाजें निकालने लगा और आसपास मौजूद लोगों को काटने की कोशिश करने लगा। युवक की हरकत देखकर लोग घबरा गए और अपने घरों में चले गए। खासकर महिलाएं और बच्चे काफी डरे हुए हैं।वार्ड पार्षद मोहन लाल शर्मा ने बताया कि मामला सामने आते ही सिटी थाना पुलिस और नगर परिषद को सूचना दी गई। पुलिस युवक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई थी, लेकिन वह वहां से निकलकर कहीं चला गया। फिलहाल युवक की तलाश की जा रही है।कैथल की सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने बताया कि मामला गंभीर है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस के साथ मिलकर युवक की तलाश कर रही है ताकि उसका इलाज शुरू कराया जा सके।डॉक्टरों का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद समय पर इलाज न मिलने पर रेबीज जैसी गंभीर बीमारी हो सकती है, जिससे मरीज का व्यवहार असामान्य हो सकता है।