मुजफ्फरनगर। जनपद न्यायाधीश बीरेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को बाल सुधार गृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं।निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश ने बच्चों को दी जा रही सुविधाओं, रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही पहले दिए गए निर्देशों का पालन सही तरीके से हो रहा है या नहीं, इसकी भी समीक्षा की गई।इस मौके पर अपर जिला जज ज्योत्सना शिवांच, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ सत्येंद्र चौधरी, न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिष्का चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा और जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार भी मौजूद रहे।निरीक्षण के समय बाल सुधार गृह के प्रभारी मोहित कुमार, काउंसलर बिलकिस जहां, सहायक अध्यापक राकेश कुमार सहित पूरा स्टाफ और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।