मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के गांव लडवा में एक विवाह समारोह के बाद हिंसा भड़कने से इलाके में तनाव फैल गया। बारात से लौट रहे कश्यप समाज के युवकों पर रास्ते में हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। मारपीट और वाहन क्षतिग्रस्त होने की इस घटना के बाद गांव में माहौल गरमा गया, जिसके चलते पुलिस को मौके पर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।बताया जा रहा है कि गांव में आयोजित विवाह समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई थी। हालांकि उस समय परिवार के वरिष्ठ लोगों और ग्रामीणों ने समझाइश देकर मामला शांत करा दिया था और शादी की रस्में सामान्य रूप से पूरी हो गई थीं।मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब विवाह समारोह समाप्त होने के बाद बारात में शामिल युवक अपने वाहनों से वापस लौट रहे थे। आरोप है कि गांव की सीमा के बाहर कुछ लोग पहले से एकत्र थे। जैसे ही बारातियों के वाहन वहां पहुंचे, उन्हें रोक लिया गया और अचानक हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने लाठी-डंडों समेत धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हमले में कई युवक घायल हुए हैं। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के दौरान कई वाहनों के शीशे टूटने और अन्य नुकसान की भी सूचना है।घटना के बाद पीड़ित पक्ष में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताया। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।इस प्रकरण पर स्वामी यशवीर महाराज ने भी प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई करने की अपील की।घटना की सूचना मिलते ही तितावी पुलिस सक्रिय हो गई और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group