मुजफ्फरनगर। मोरना स्थित गंगा पब्लिक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और अध्यापकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार से शुक्रताल प्रभारी डॉ. ओमपाल सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों, अभिभावकों और अध्यापकों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए। साथ ही योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मानव जीवन का सार है।

नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित बना रहता है।डॉ. ओमपाल सिंह चौहान ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और बढ़ गया है। योग व्यक्ति को मानसिक तनाव से दूर रखता है तथा सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।विद्यालय प्रबंधन ने भी योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से ही योग की आदत डालना आवश्यक है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बन सकें।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक बिजेंद्र उपाध्याय, सचिव श्रीमती संतोष उपाध्याय, विनीत कुमार, अभिषेक उपाध्याय, अमिता, स्वीटी, प्रियांशी, मनु, शास्त्री और कपिल भाटी सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के स्वस्थ जीवन की कामना के साथ हुआ।