मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक होटल के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति ने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ देख लिया। इसके बाद पति और उसके परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते होटल परिसर में जमकर हंगामा, कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि विवाद के दौरान युवक की मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।जानकारी के अनुसार गणेशपुर रोड स्थित एक होटल में एक विवाहिता युवक के साथ पहुंची थी। इसी बीच महिला के पति को इसकी सूचना मिल गई। सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ होटल पहुंच गया। होटल में पत्नी को युवक के साथ देखकर पति आपा खो बैठा और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच केवल कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। होटल परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन माहौल लगातार तनावपूर्ण बना रहा। इस दौरान कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।हंगामे के बीच बाहर खड़ी युवक की मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई। कुछ ही मिनटों में बाइक आग की तेज लपटों में घिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। धुआं उठता देख आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कथित युवक वहां से फरार हो गया। वहीं महिला को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब सात वर्ष पहले ऋषिपाल नामक व्यक्ति से हुई थी। दंपति के बीच पिछले तीन वर्षों से विवाद चल रहा है और दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लंबे समय से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। महिला का यह भी कहना है कि शनिवार को हुई पूरी घटना सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकती है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। होटल के कर्मचारियों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group