बागपत। चांदीनगर थाना क्षेत्र के खैला गांव में पति-पत्नी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पारिवारिक कलह और पत्नी पर शक के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की फावड़े और फरसे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि उसने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।पुलिस जांच में सामने आया कि खैला गांव निवासी राहुल ने करीब आठ वर्ष पहले मनीषा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए, जिनमें छह वर्ष की बेटी और पांच वर्ष का बेटा शामिल हैं। शुरुआत में परिवार सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन धीरे-धीरे पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। पिछले करीब दो वर्षों से दोनों अलग-अलग रह रहे थे।बताया गया कि राहुल दिल्ली में रहकर काम करता था, जबकि मनीषा अपने बेटे के साथ बेंगलुरु में रह रही थी। उनकी बेटी गांव में दादी के पास रहती थी। राहुल को लंबे समय से पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।शनिवार को दोनों अपने बच्चों से मिलने गांव पहुंचे थे। इसी दौरान मनीषा ने अपनी बेटी को भी अपने साथ बेंगलुरु ले जाने की बात कही। राहुल ने इसका विरोध किया। बात बढ़ते-बढ़ते तीखी बहस में बदल गई और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।आरोप है कि गुस्से में राहुल ने घर में रखा फावड़ा और फरसा उठाकर मनीषा पर हमला कर दिया। उसने गर्दन और सिर पर कई वार किए। हमला इतना गंभीर था कि मनीषा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।घटना के बाद राहुल ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और पुलिस आकर उसे गिरफ्तार कर ले। सूचना मिलते ही चांदीनगर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद, पत्नी पर शक और बच्चों की देखरेख को लेकर हुए झगड़े से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group