मेरठ। शहर के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे दंपति के साथ चोरी की बड़ी घटना हो गई। रेस्टोरेंट में भूलवश छूट गया दो लाख रुपये नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग कुछ ही देर में चोरी हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।जानकारी के अनुसार, थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी दानिश अपनी पत्नी के साथ कोतवाली क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के दौरान महिला का बैग उनके पास रखा हुआ था। भोजन करने के बाद दोनों घर के लिए निकल गए।कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद महिला को याद आया कि उसका बैग रेस्टोरेंट में ही रह गया है। यह पता चलते ही दंपति तुरंत वापस रेस्टोरेंट पहुंचे, लेकिन वहां बैग नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी बैग का कोई पता नहीं चल सका।इसके बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में एक बुर्कानशीं महिला और उसके साथ एक व्यक्ति बैग उठाकर बाहर जाते दिखाई दिए।पीड़ित दानिश ने बताया कि बैग में करीब दो लाख रुपये नकद थे, जिन्हें वह बैंक से निकालकर लाए थे। इसके अलावा बैग में कई जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।