मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नचिकेता स्कूल्स में योग कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा से हुआ। इसके उपरांत योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन और पद्मासन सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास किया। साथ ही ध्यान एवं श्वास संबंधी अभ्यासों के माध्यम से मानसिक एकाग्रता और आत्मिक शांति का अनुभव कराया गया।इस अवसर पर योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उपस्थित सभी लोगों को बताया गया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि तनाव को दूर कर जीवन में संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो जीवन में अनुशासन, संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर रहा। समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group